Home बिहार पेट्रोल-डीजल और CNG की किल्लत से हाहाकार, पंपों पर लगी लंबी कतारें

पेट्रोल-डीजल और CNG की किल्लत से हाहाकार, पंपों पर लगी लंबी कतारें

192
0
पेट्रोल-डीजल और CNG की किल्लत से हाहाकार, पंपों पर लगी लंबी कतारें

शिवहर। Sheohar शहर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की भारी कमी से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ईंधन संकट के कारण शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। बाइक, कार और ऑटो चालक घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि कई लोग दो से तीन दिनों से लगातार पेट्रोल और सीएनजी के लिए भटक रहे हैं। खासकर सीएनजी ऑटो चालकों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ा है। उनका कहना है कि गैस नहीं मिलने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, बाइक सवारों का कहना है कि वे एक पंप से दूसरे पंप तक चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं भी पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं है। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, हाल ही में आई पेट्रोल की खेप पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। फिलहाल सीमित मात्रा में सीएनजी उपलब्ध है, जिसे बारी-बारी से वाहनों में भरा जा रहा है। इस बीच, बारिश के चलते बार-बार बिजली कटने की समस्या ने हालात को और गंभीर बना दिया है। बिजली नहीं रहने से मशीनों के जरिए गैस भरने में देरी हो रही है, जिससे कतारें और लंबी होती जा रही हैं। ईंधन संकट का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक यात्रियों, स्कूली बच्चों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। शहर की रफ्तार मानो थम सी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द ईंधन आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

GNSU Admission Open 2026