धनबाद। Dhanbad के कतरास थाना क्षेत्र स्थित तिलाटांड़ के आकाश किनारी इलाके में बंद घर में चोरी का मामला सामने आया है। 28 अप्रैल को अज्ञात चोरों ने एक आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इस संबंध में पीड़ित राजेंद्र राम ने कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने संदेह के आधार पर विकास रवानी और मिलन रवानी नामक दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि इस वारदात को उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपियों के अनुसार, घर बंद होने का फायदा उठाकर उन्होंने ताला तोड़ा और अंदर से कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झरिया इलाके से चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया है। बरामद सामान में विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये बताई जा रही है। कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा और पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।







