Home बिहार बिहार में विवाहिता की मौत पर बवाल, अंतिम संस्कार से पहले आरोपी...

बिहार में विवाहिता की मौत पर बवाल, अंतिम संस्कार से पहले आरोपी पति गिरफ्तार

6
0
Ruckus over death of married woman in Bihar, accused husband arrested before last rites

पटना: पटना जिले के खगौल थाना क्षेत्र के दल्लूचक स्थित चारघरवा मोड़ पर गुरुवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष हत्या के बाद शव का अंतिम संस्कार करने ले जा रहा था। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।


मृतका की पहचान दल्लूचक निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी निशा (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका के पिता एवं बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दक्षिणी मंदीरी निवासी राजकुमार महतो ने खगौल थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वर्ष 2017 में उन्होंने अपनी पुत्री की शादी जितेंद्र कुमार से की थी। गुरुवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर ससुराल पक्ष के लोग ट्रैक्टर पर शव लादकर अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने पति जितेंद्र कुमार, ससुर अंबिका प्रसाद समेत अन्य लोगों को शव ले जाते देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसका पति राजमिस्त्री का काम करता है।


मृतका के पिता राजकुमार ने बताया कि फरवरी माह से बेटी से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई थी। उससे पहले जब बात हुई थी, तब उसने बताया था कि उसके साथ मारपीट की जाती है। मारपीट का कारण मृतका की मां को मालूम था, जिनकी फरवरी माह में मृत्यु हो गई थी। इसी वजह से मारपीट का कारण पता नहीं चल पाया। वहीं, खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव के गले पर फंदे का निशान मिला है, जिससे फांसी लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

GNSU Admission Open 2026