
जमुहार: नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार के आयोजन एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के प्रायोजन में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 गेम्स बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शानदार समापन विश्वविद्यालय के एरिना में हुआ। कई दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में केपीएस स्कूल ने डीपीएस रांची को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि धनबाद पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में आरएमएस स्कूल रांची ने विद्या भारती चिन्मय स्कूल को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। केपीएस स्कूल और द वीएम श्यामली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में जीजीपीएस ने श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल को हराकर खिताब जीता। नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार और महाबोधि ट्री स्कूल, गया ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में बोकारो पब्लिक स्कूल ने गोविंदा इंटरनेशनल स्कूल को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि शिक्षा निकेतन और ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह अंडर-14 बालक वर्ग में जीडी मदर्स एकेडमी ने सेंट पॉल स्कूल को हराकर खिताब जीता। नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार और डॉ. डी.वाई. पाटिल स्कूल, पटना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल ने लोयोला हाई स्कूल, पटना को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

काव्यप्ता ग्लोबल स्कूल और कराली स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों ने कहा कि इस टूर्नामेंट ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में एकता, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना की शानदार झलक देखने को मिली। स्कूल प्रबंधन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सीबीएसई, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, सभी स्टाफ सदस्यों, प्रतिभागी खिलाड़ियों और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






