पटना: बिहार में गर्मी झुलसाने लगी है। पारा 44 डिग्री तक चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, पटना, अरवल, जहानाबद में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलो में गर्म हवा चलने के आसार हैं। वहीं तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है। इन 11 जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में गर्मी सामान्य रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 24 अप्रैल से उत्तर और उत्तर पूर्वी बिहार में मौसम बदलने की संभावना जताई है। 24 अप्रैल के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं 25 और 26 अप्रैल को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, पटना, अरवल, जहानाबद, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय को छोड़कर बाकी जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार बक्सर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। रोहतास के डेहरी में 42.4 डिग्री, गया में 42.2 डिग्री और शेखपुरा में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अरवल में पारा 41.7 डिग्री, छपरा में 41.3 डिग्री और पटना में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मोतिहारी में 41 डिग्री, औरंगाबाद में 40.9 डिग्री, जीरादेई में 40.7 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 40.2 डिग्री और भागलपुर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इन सभी स्थानों पर तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जो लू जैसे हालात की ओर इशारा करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस मधेपुरा में दर्ज किया गया।
वहीं पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 18.9 से 31.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। सारण जिले में अधिकतम हवा की रफ्तार 41 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिससे गर्मी का असर और तेज महसूस किया गया। मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), भागलपुर और शेखपुरा जिलों में उष्ण लहर (लू) दर्ज की गई है। इससे लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलने में काफी परेशानी हो रही है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई, जिससे गर्मी और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा और यह सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक रह सकता है। वहीं अगले 3-4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में भी अगले 2-3 दिनों तक कोई खास परिवर्तन नहीं होने के आसार हैं।







