गोपालगंज। जिले के चर्चित जमीन विवाद मामले में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडे को बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल तेज हो गई है। सुनवाई के दौरान विधायक की ओर से मनन कुमार मिश्रा ने पक्ष रखा। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने तत्काल प्रभाव से गिरफ्तारी पर स्टे देते हुए मामले की अगली सुनवाई 7 मई को निर्धारित की है। कोर्ट परिसर में इस दौरान काफी गहमागहमी का माहौल देखा गया। मामला जमीन कब्जे से जुड़ा है, जिसमें विधायक अमरेंद्र पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप है। मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव निवासी जितेंद्र कुमार राय की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस इस मामले में भोला पांडेय समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी केस में विधायक के भाई सतीश पांडेय की अग्रिम जमानत याचिका और अन्य आरोपियों की नियमित जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला लोक अभियोजक देववंश गिरी ने बताया कि फिलहाल अदालत ने विधायक और उनके सीए की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 मई को होगी, जिस पर सभी पक्षों की नजर टिकी है। माना जा रहा है कि इस सुनवाई में केस की आगे की दिशा तय हो सकती है।







