
रोहतास। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में उप विकास आयुक्त रोहतास विजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह समेत विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया। मुख्य समारोह सासाराम के फजलगंज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। बैठक में स्टेडियम में मंच की रंगाई एवं सजावट, साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा सहित अतिथियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी तैयारियां समय पर और बेहतर तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के लिए एक-एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने की बात कही गई। बैठक में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान रोहतास जिले में तेजी से विकसित हो रहे पर्यटन क्षेत्र को विशेष फोकस देने का निर्णय लिया गया। उप विकास आयुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने से संबंधित सभी व्यवस्थाएं भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने महादलित टोलों समेत जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर गरिमापूर्ण वातावरण में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.






