Home बिहार बड़ा हादसा: कोसी नदी में नाव पलटी, 7 ने तैरकर खुद को...

बड़ा हादसा: कोसी नदी में नाव पलटी, 7 ने तैरकर खुद को बचाया, 4 की खोज जारी

28
0
Major Accident: Boat Capsizes in Kosi River; 7 Swim to Safety, Search On for 4

दरभंगा: दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को कोसी नदी में एक बड़ा हादसा हो गया। बनरी ढलान के पास किसानों से भरी एक नाव अचानक पलट गई, जिससे नाव पर सवार करीब एक दर्जन लोग नदी में डूब गए। हादसे में सात लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव पर सवार सभी लोग नदी पार कर अपने खेतों में मूंग तोड़ने जा रहे थे। बताया जाता है कि नाव पर कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल थीं। नदी पार करने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया। इसी बीच नाव तेज धारा में फंस गई और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव कोसी नदी में डूब गई। नाव डूबने के बाद नाव पर सवार सात लोग किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि चार लोग नदी की तेज धारा में बह गए और तब से लापता हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF और अन्य बचाव दलों को लगाया गया है।बचाव दल नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अभियान की निगरानी की। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है ताकि लापता लोगों की तलाश में मदद मिल सके। बिरौल के एसडीओ शशांक राज ने बताया कि कोसी नदी में लापता लोगों की खोजबीन युद्धस्तर पर जारी है। SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है और लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने की कोशिश की जा रही है।







GNSU Admission Open 2026