
पटना: बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में राज्य में हुए विकास कार्यों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। फेसबुक लाइव कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की कानून व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और सामाजिक माहौल में सुधार हुआ है। डॉ. निहोरा ने कहा कि एक समय बिहार में शाम के बाद लोग घरों से निकलने में डरते थे, लेकिन अब लोग रात में भी अपने काम और कारोबार के लिए बाहर निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य के विकास को लेकर विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा की और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया।
जदयू प्रवक्ता ने खगड़िया जिले में हुए विकास कार्यों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सात बड़ी नदियों से घिरे इस जिले में कभी रोजगार के सीमित अवसरों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि कृषि सुविधाओं में सुधार और बड़े पैमाने पर मक्के की खेती से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उनके मुताबिक, खगड़िया में हजारों एकड़ में मक्के की खेती हो रही है और जिला मक्का उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बना चुका है।
डॉ. निहोरा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने, खेती की लागत कम करने और कृषि को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने डीजल सब्सिडी और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को आर्थिक सहायता मिली है और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।






