पटना:। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अब कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। आगामी 7 मई को कई मंत्रियों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके लिए राजधानी पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह की तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गांधी मैदान को चार अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाएगा ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सके। मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों में करीब 3000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त किया गया है। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बना रहा है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है। इधर, समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई विधायक, विधान पार्षद और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। प्रशासन की ओर से गांधी मैदान में हेलीपैड बनाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे वीआईपी आवागमन सुगम हो सके।







