हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में ज्वालापुर के दुर्गा चौक क्षेत्र में तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर ऑटो और सड़क किनारे खड़ी चार कारों से जा टकराई। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, निजी बस दुर्गा चौक की ओर जा रही थी और बताया जा रहा है कि वह फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए निकली थी। दुर्गा चौक के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खड़ी चार कारों से भी जा भिड़ी।
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के दौरान उनका हाथ कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल का उपचार जारी है।
हादसे के दौरान बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। दुर्घटना एक निजी अस्पताल के बाहर हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ अधिक नहीं थी। ऐसे में बड़ी जनहानि होने से बच गई।
बस की टक्कर से ऑटो और चार कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के अनुसार, घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







