
पटना: रविंद्र भवन में रविवार को भूमिहार-ब्राह्मण महाबैठकी का आयोजन किया गया। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा, रोजगार, युवाओं की भागीदारी, आर्थिक सहयोग और संगठन को मजबूत करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक हितों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति बनी।
महाबैठकी के दौरान भूमिहार-ब्राह्मण समाज के लिए ‘Bhu Connect App’ भी लॉन्च किया गया। आयोजकों के अनुसार, ऐप के माध्यमu से समाज के लोगों को आपसी संपर्क, संवाद और सहयोग के लिए एक डिजिटल मंच उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और समाज के वरिष्ठ लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। भूमिहार बैठकी गांधी मैदान के संस्थापक अंकित चांद्रायण ने समाज के अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करने के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास जरूरी है।
वहीं, पूर्व डीजीपी अभयानंद ने महाबैठकी के उद्देश्य पर विचार रखते हुए कहा कि जब कोई समाज अपनी शक्ति को पहचानकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करता है, तो इससे सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। महाबैठकी में मोहल्ला स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंदों को सहयोग उपलब्ध कराने और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।






