Home बिहार बंधन बैंक में हथियार के बल पर लूट, नकदी और जेवर लेकर...

बंधन बैंक में हथियार के बल पर लूट, नकदी और जेवर लेकर फरार बदमाश

151
0
बंधन बैंक में हथियार के बल पर लूट, नकदी और जेवर लेकर फरार बदमाश

समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बैंक लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। झखड़ा गांव स्थित बंधन बैंक की शाखा में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर नकदी और जेवर लूट लिए और फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाश अचानक बैंक में दाखिल हुए और हथियार के बल पर कर्मचारियों को धमकाते हुए करीब 1 लाख 8 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्होंने बैंक में मौजूद तीन महिला ग्राहकों को निशाना बनाते हुए उनके जेवर भी उतरवा लिए। इतना ही नहीं, अपराधियों ने बैंककर्मी का मोबाइल फोन और टैब भी जबरन छीन लिया। घटना के दौरान बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए। बदमाश पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से मौके से फरार हो गए। जाते-जाते वे बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान से बच सकें। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

GNSU Admission Open 2026