पटना। राजधानी में निर्माणाधीन पटना मेट्रो परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का सफल ट्रायल किया गया, जिसमें महज 10 मिनट में यह दूरी तय कर ली गई। इस ट्रायल के साथ ही मेट्रो संचालन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। ट्रायल के दौरान मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त नीलाभ्रा सेनगुप्ता ने अपनी टीम के साथ डाउन लाइन पर ट्रॉली के जरिए विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की जांच की गई। मलाही पकड़ी स्टेशन पर अग्निशमन प्रणाली, लिफ्ट, एस्केलेटर और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की विशेष रूप से समीक्षा की गई। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इस निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर आ जाएगी। यदि सभी मानक संतोषजनक पाए गए, तो मई महीने में इस खंड का उद्घाटन संभव है। इस रूट के शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग सहित घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल मेट्रो का संचालन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक किया जा रहा है। मलाही पकड़ी तक सेवा शुरू होने पर करीब 6 किलोमीटर तक परिचालन का विस्तार होगा। हालांकि, भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच खेमनीचक स्टेशन पर फिलहाल ट्रेन का ठहराव नहीं होगा, क्योंकि इसे इंटरलिंक स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना जंक्शन तक मेट्रो कनेक्टिविटी जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया, जिससे शहर में आवागमन और अधिक सुगम हो सके।







