Home बिहार बिहार के इस जिले में बन रहा मॉडर्न रेलवे स्टेशन, हाईटेक सुविधाओं...

बिहार के इस जिले में बन रहा मॉडर्न रेलवे स्टेशन, हाईटेक सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर

124
0
बिहार के इस जिले में बन रहा मॉडर्न रेलवे स्टेशन, हाईटेक सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पूर्व मध्य रेलवे के तहत चल रही गतिशक्ति परियोजना के अंतर्गत सुपौल रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण तेजी से किया जा रहा है। नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है, जिससे आने वाले दिनों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) नीरज कुमार ने हाल ही में स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया और फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का जायजा लिया। साथ ही स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर के दोनों ओर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। इसके अलावा दक्षिणी हटखोला रोड की ओर से नए प्रवेश द्वार के निर्माण और भूमि समतलीकरण का निर्देश भी दिया गया, जिससे स्टेशन तक पहुंच और आसान होगी और भीड़भाड़ कम होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जून महीने तक नई स्टेशन बिल्डिंग को पूरी तरह तैयार कर आम जनता के लिए खोलने की योजना है। नए स्टेशन में आधुनिक वेटिंग हॉल, बेहतर टिकट काउंटर, साफ-सफाई की उन्नत व्यवस्था और अन्य हाई स्टैंडर्ड सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में स्टेशन पर पार्किंग और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में पंखों और बुनियादी सुविधाओं की कमी भी परेशानी बढ़ा देती है। हालांकि, नई बिल्डिंग तैयार होने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

GNSU Admission Open 2026