दरभंगा: मिथिला क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को जयपुर (खातीपुरा) से दरभंगा के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह नई रेल सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और राजस्थान तथा बिहार के बीच आवागमन को नई गति देगी। इस ट्रेन के परिचालन से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों राज्यों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे। जानकारी के अनुसार, जयपुर से दरभंगा के बीच चलने वाली यह अमृत भारत एक्सप्रेस सीतामढ़ी मार्ग से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन को शुरू कराने की मांग जयपुर की सांसद मंजू शर्मा ने रेल मंत्री के समक्ष रखी थी। सांसद के आग्रह पर कुछ दिन पहले ही रेल मंत्रालय ने इस रेल सेवा की घोषणा की थी।
अब उद्घाटन की तिथि तय होने के बाद यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है। रेलवे के अनुसार, जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह, आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा। रेलवे का मानना है कि यह ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और अपेक्षाकृत अधिक आरामदायक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी। वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए साप्ताहिक रेल सेवा संचालित है, लेकिन नई अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलने से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
जयपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और औद्योगिक विकास के लिए जाना जाता है, जबकि दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमुख केंद्र है। नई रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ट्रेन के उद्घाटन की घोषणा के बाद भाजपा बिहार प्रदेश के कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री का मिथिला क्षेत्र पर विशेष ध्यान रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। साथ ही उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दरभंगा से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की भी घोषणा की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि दरभंगा जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।







