Home बिहार पटरी पार करते वक्त हादसा, मालगाड़ी की चपेट में महिला की मौत

पटरी पार करते वक्त हादसा, मालगाड़ी की चपेट में महिला की मौत

36
0
Accident while crossing tracks: Woman dies after being hit by a goods train.

मुंगेर: मुंगेर के जमालपुर-किऊल रेलखंड के अंतर्गत लहिया गुमटी के समीप रेल पटरी पार करने के दौरान एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान कारी देवी (45) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालपुर से किऊल की ओर जा रही मालगाड़ी संख्या 27372 लहिया गुमटी के पास पोल संख्या 372/33 से 372/35 के बीच से गुजर रही थी।

इसी दौरान कारी देवी रेल पटरी पार कर रही थीं। बताया जाता है कि वह गोविंदपुर से महरना की ओर जा रही थीं। पटरी पार करने के क्रम में वह मालगाड़ी की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों को जब हादसे की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति का नाम मन्नू चौधरी बताया गया है। परिजनों के अनुसार, कारी देवी की शादी फुलका गांव में हुई थी। परिवार के अधिकांश सदस्य जमीन बेचकर उत्तर प्रदेश में रह रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

मृतका की बहन रेखा देवी और पति मन्नू चौधरी ने बताया कि उनकी मां संतोषी देवी घोषी बगीचा की निवासी हैं और कारी देवी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थीं। मामले की जानकारी मिलने पर आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। आरपीएफ इंस्पेक्टर जे.आर. मीणा ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।