Raipur police crackdown on 146 people ahead of Ganeshotsav

रायपुर: गणेशोत्सव और आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में कुल 146 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, पश्चिम क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न मामलों में 132 लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं, तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते 14 लोगों को जेल भेजा गया

GNSU Admission Open 2026

पश्चिम क्षेत्र में अभियान पुलिस उपायुक्त रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया। इस दौरान चाकूबाजी, अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामले दर्ज करने के साथ लंबित गिरफ्तारी वारंटों की तामील भी कराई।

टिकरापारा, सरस्वती नगर, पुरानी बस्ती, कबीर नगर, डीडी नगर, मुजगहन, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और आमानाका थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और बीएनएसएस की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। कबीर नगर थाना क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत भी 212 कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाकर विवाद, मारपीट या शांति भंग करने की आशंका वाले 14 लोगों को हिरासत में लिया। इनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।