जयपुर: राजस्थान के 309 नगरीय निकायों में सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी है। अब तक घोषित परिणामों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे आगे है। भाजपा के 979 प्रत्याशी जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस के 793 उम्मीदवारों को सफलता मिली है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाओं के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। इसके बाद अलग-अलग वार्डों के परिणाम घोषित किए गए।
अब तक 453 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की है। वहीं, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पांच, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के चार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के चार प्रत्याशी विजयी रहे हैं।
इन निकाय चुनावों में कुल 38,889 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई थी। दो चरणों में 10,167 वार्डों के लिए मतदान कराया गया था, जबकि 77 वार्डों में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मतगणना पूरी होने के साथ ही राजस्थान के नगरीय निकायों में विभिन्न दलों की स्थिति और स्पष्ट होगी।







