पटना: बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। करीब दो दशक तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बाद अब भाजपा नेता सम्राट चौधरी राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। लोकभवन में सुबह 10:50 बजे आयोजित समारोह में राज्यपाल उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (JDU) कोटे से दो डिप्टी सीएम भी शपथ लेंगे।
सम्राट चौधरी के नाम पर पहले भाजपा विधायक दल और फिर एनडीए की बैठक में सर्वसम्मति से मुहर लगी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें मखाना की माला पहनाकर अपनी राजनीतिक विरासत सौंपी। बिहार में यह पहला मौका है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहा है। सम्राट चौधरी पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र हैं और 2017 में जदयू से भाजपा में शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार जदयू कोटे से दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे। पहले निशांत कुमार के नाम की चर्चा थी, लेकिन उनकी असहमति के बाद पार्टी ने विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के नाम पर सहमति बनाई है। दोनों नेता नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। फिलहाल सम्राट चौधरी सहित तीन नेता ही शपथ लेंगे, जबकि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें सेवा के कई अवसर दिए हैं और वे इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन और नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ संकल्प को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही। बिहार की राजनीति में इस बदलाव को बड़ा मोड़ माना जा रहा है, जहां अब भाजपा नेतृत्व में नई सरकार की शुरुआत हो रही है।







