Home बिहार बिहार में लूट का विरोध पड़ा भारी: युवक को सीने में गोली...

बिहार में लूट का विरोध पड़ा भारी: युवक को सीने में गोली मारकर बदमाश फरार

111
0
Opposition to robbery in Bihar proved costly: Criminals shot a youth in the chest and fled.

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शाम ढलते ही बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में भी युवक ने हिम्मत दिखाई और खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना बलिया थाना क्षेत्र के राहतपुर गांव में मंगलवार शाम की है, जहां अपराधियों ने एक व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल युवक की पहचान भगतपुर निवासी रामाशीष चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र रवीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवीश कुमार राहतपुर गांव में कबाड़ी खरीदने गया हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने उसकी गाड़ी रोक ली और मोबाइल व पैसे लूटने की कोशिश करने लगा। जब रवीश ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद रवीश ने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही वाहन चलाकर इलाज के लिए बलिया पीएचसी पहुंच गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

GNSU Admission Open 2026

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बलिया पीएचसी पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। वहीं सूचना मिलते ही घायल के पिता रामाशीष चौधरी और माता प्रेमा देवी अस्पताल पहुंचे। बेटे की हालत देखकर दोनों रोने-बिलखने लगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जिस तरह से लूट का विरोध करने पर युवक को गोली मारी गई है, उसने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना उसी थाना क्षेत्र में हुई है, जहां हाल ही में दरभंगा ज्वेलरी लूटकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद बदमाशों के बढ़ते मनोबल से लोगों में डर और चिंता का माहौल है।