देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 149 मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा तथा समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस और शारदीय नवरात्र के पहले दिन का एक साथ होना विशेष संयोग है। भारतीय संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना जाता है, लेकिन कन्या पूजन की सार्थकता तभी है, जब बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार तक सहयोग देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना से चार लाख से अधिक बेटियां लाभान्वित हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेधावी छात्रवृत्ति योजनाओं, निःशुल्क साइकिल वितरण और महिला छात्रावासों के निर्माण जैसी पहलों के माध्यम से भी छात्राओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन देने का उद्देश्य उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना और ज्ञान तथा कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार से जुड़ी पहल भी की जा रही हैं। ड्रोन संचालन प्रशिक्षण और उद्यमिता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं तथा किशोरियों के लिए आजीविका के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने से अन्य बेटियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।







