The impact of the student movement has changed the landscape at Jodhawas School; work on RO, boring, and building construction has accelerated.

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र स्थित जोधावास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब बुनियादी सुविधाओं और भवन से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आई है। स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों ने दो दिन तक धरना और विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन ने उनकी मांगों पर कार्रवाई शुरू की।

स्कूल में अब नया आरओ संयंत्र लगाया जा चुका है। विद्यार्थियों के लिए पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से बोरिंग भी कराई गई है। इसके अलावा शौचालयों की मरम्मत के साथ उनमें टाइल्स लगाने का काम पूरा किया गया है।

GNSU Admission Open 2026

बारिश के दौरान स्कूल के कमरों में पानी टपकने की समस्या को देखते हुए भवन की छतों की मरम्मत भी कराई जा रही है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, स्कूल के बरामदे का पटाव गिरने के बाद विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई थी। छात्रों ने स्कूल की खराब व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस के सामने अपनी समस्याएं रखीं तथा मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों का उग्र रूप भी देखने को मिला। मामले के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिया था।

जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि स्कूल के जर्जर पुराने भवन को जेसीबी की मदद से हटाने का काम चल रहा है। इसकी जगह करीब आठ कमरों वाला नया भवन बनाने की योजना है। निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने की संभावना है।

स्कूल के अन्य भवनों की छतों से पानी के रिसाव को रोकने के लिए भी आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान को बेहतर बनाने और जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर भी विभाग का ध्यान है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि छात्रों से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। आरओ, बोरिंग, शौचालय, भवन और खेल मैदान से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद स्कूल में विद्यार्थियों को पहले से बेहतर शैक्षणिक वातावरण और बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।