Home राष्ट्रीय लगातार दूसरे दिन चांदी में ₹21,000 की उछाल, MCX पर सोना भी...

लगातार दूसरे दिन चांदी में ₹21,000 की उछाल, MCX पर सोना भी महंगा

147
0
Silver prices surge by ₹21,000 for the second consecutive day, while gold also becomes more expensive on MCX.

नयी दिल्ली: घरेलू वायदा बाजार MCX में आज सोना और चांदी दोनों की कीमतों ने निवेशकों को चौंका दिया। लगातार दूसरे दिन की तेज़ी ने कीमती धातुओं को नए रिकॉर्ड स्तरों के करीब पहुंचा दिया है। शुरुआती कारोबार में चांदी में 21,000 रुपये से ज्यादा की जोरदार उछाल देखने को मिली, जबकि सोना भी करीब 5,000 रुपये महंगा हो गया।

MCX पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 3,56,279 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को यह 3,64,821 रुपये पर खुली और कुछ ही देर में 21,376 रुपये की छलांग लगाते हुए 3,77,655 रुपये प्रति किलो के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई। सुबह करीब 10 बजे चांदी 19,884 रुपये यानी 5.58 फीसदी की तेजी के साथ 3,76,163 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।

GNSU Admission Open 2026

सोने की कीमतों में भी जबरदस्त मजबूती देखी गई। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना मंगलवार को 1,67,921 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। आज यह 1,71,489 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में 1,72,949 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया। इस तरह सोने में करीब 5,028 रुपये की तेजी दर्ज की गई। सुबह 10:10 बजे सोना 3,494 रुपये यानी 2.08 फीसदी की बढ़त के साथ 1,71,415 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था।

कीमतों में इस उछाल के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव, डॉलर की कमजोरी और सुरक्षित निवेश विकल्पों की बढ़ती मांग ने सोने-चांदी को सहारा दिया है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। निवेशकों को उम्मीद है कि अगर फेड ब्याज दरों में नरमी का संकेत देता है, तो कीमती धातुओं में और तेजी आ सकती है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने नया इतिहास रचते हुए 5,200 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार कर लिया है, जबकि चांदी 113 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है। इस साल अब तक चांदी में करीब 60 फीसदी की बढ़त दर्ज की जा चुकी है, जिससे निवेशकों का रुझान और मजबूत हुआ है।