Home बिहार कालीबाग मंदिर पोखर में युवक का शव मिलने से सनसनी

कालीबाग मंदिर पोखर में युवक का शव मिलने से सनसनी

16
0
Sensation after youth's body found in Kalibagh Temple pond.

पश्चिमी चंपारण: पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया शहर स्थित कालीबाग मंदिर परिसर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर के पोखर में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार सुबह मंदिर परिसर स्थित पोखर में एक युवक का शव पानी में तैरता दिखाई दिया।

इसके बाद तत्काल कालीबाग थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के दौरान मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक साइकिल खड़ी मिली, जिस पर एक बैग बंधा हुआ था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें कुछ कपड़े और एक मोबाइल चार्जर बरामद हुआ। हालांकि, इन सामानों से मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किस क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है। साथ ही युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसका फोटो और उपलब्ध विवरण सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जा रहा है। कालीबाग थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान कर सके तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।