Home राष्ट्रीय केरल में विधायक की सरकारी कार की टक्कर से छात्र गंभीर घायल,...

केरल में विधायक की सरकारी कार की टक्कर से छात्र गंभीर घायल, नशे में ड्राइविंग के आरोपों पर विवाद

2
0
Student seriously injured in Kerala after MLA's official car collides with him, sparks controversy over drunk driving allegations

अलप्पुझा: केरल के अलप्पुझा जिले के चंपाकुलम में सोमवार रात एक कॉलेज छात्र की मोटरसाइकिल की कुट्टनाड विधायक की सरकारी कार से आमने-सामने की टक्कर हो गयी, जिसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद विधायक पर शराब के नशे में वाहन चलाने और चिकित्सीय जांच से बचने का प्रयास करने के आरोप लगने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।


घायल छात्र की पहचान नेदुमुडी के आशारीपरम्बु निवासी और स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र सुनीश (22) के रूप में हुई है। दुर्घटना रात करीब आठ बजे चंपाकुलम स्थित एसी रोड पर हुई। उसके सिर में गंभीर चोटें आयीं। उसे पहले चंपाकुलम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वंदनम स्थित अलप्पुझा सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

GNSU Admission Open 2026


डीवाईएफआई के जिला अध्यक्ष जेम्स सैमुअल ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय विधायक रेजी चेरियन स्वयं सरकारी वाहन चला रहे थे और कथित रूप से शराब के नशे में थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक पुलिस के पहुंचने से पहले ही चिकित्सीय जांच से बचने के उद्देश्य से घटनास्थल छोड़कर चले गये।
डीवाईएफआई नेता ने विधायक की शराब जांच कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


श्री चेरियन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और राजनीतिक प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस के पहुंचने तक वह घटनास्थल पर मौजूद रहे और घायल छात्र को एंबुलेंस से अस्पताल भेजे जाने के बाद ही वहां से गए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मौके से भागने के दावे पूरी तरह गलत हैं।


बाद में विधायक के समर्थकों ने कुछ वीडियो जारी किये, जिनके बारे में उनका दावा है कि उनमें विधायक दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
विधायक का कहना है कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आ रही थी और उनकी कार से टकरा गई। हालांकि डीवाईएफआई नेताओं ने इस दावे का खंडन करते हुए आरोप लगाया कि विधायक की सरकारी कार ही तेज गति से चल रही थी और दुर्घटना के लिए वही जिम्मेदार हैं।


पुलिस के अनुसार, रेजी चेरियन चंपाकुलम जलोत्सव में भाग लेने के बाद अलप्पुझा लौट रहे थे, जबकि सुनीश मोटरसाइकिल से अलप्पुझा से चंगनाश्शेरी की ओर जा रहा था। चंपाकुलम में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे छात्र सड़क पर जा गिरा।
टक्कर के दौरान उसका हेलमेट निकल गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए वंदनम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।


स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि विधायक की सरकारी कार तेज गति से चलाई जा रही थी, जबकि रेजी चेरियन ने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों तथा घटना से जुड़े आरोपों और प्रत्यारोपों की जांच की जा रही है।