सेंसेक्स 383 अंक चढ़कर बंद, निफ्टी 23,960 के पार
Sensex closes 383 points higher; Nifty crosses 23,960

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच बुधवार को मजबूती देखने को मिली। आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के बावजूद बैंकिंग, धातु, रियल्टी और उपभोक्ता उत्पादों के शेयरों में खरीदारी से बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स 383.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत उछलकर 77,301.40 अंक पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 149.75 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,960.60 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स करीब 65 अंक टूटकर 76,853 अंक पर खुला, लेकिन जल्द ही हरे निशान में लौट आया। दोपहर के कारोबार में कुछ समय के लिए इसमें फिर गिरावट आई, हालांकि बाद में बाजार ने मजबूती हासिल कर ली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 77,396.04 अंक का उच्चतम और 76,604.85 अंक का निचला स्तर छुआ। सेंसेक्स का यह 26 अगस्त के बाद का सर्वोच्च बंद स्तर रहा। वहीं, निफ्टी ने भी एक सितंबर के बाद का अपना उच्चतम स्तर दर्ज किया।

GNSU Admission Open 2026

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी

बाजार की तेजी का असर व्यापक सूचकांकों पर भी दिखाई दिया। निफ्टी मिडकैप-50 में 1.42 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में दो प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी मीडिया सबसे आगे रहा और इसमें 5.15 प्रतिशत की जोरदार तेजी आई। रियल्टी सूचकांक 2.85 प्रतिशत और धातु सूचकांक 2.80 प्रतिशत चढ़ा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों में 2.04 प्रतिशत की मजबूती रही। एफएमसीजी, ऑटो, तेल एवं गैस, रसायन और सीमेंट क्षेत्र के सूचकांक भी एक से दो प्रतिशत तक ऊपर रहे। हालांकि, आईटी सूचकांक 1.50 प्रतिशत गिरावट में बंद हुआ।

बीईएल और टाइटन में सबसे अधिक तेजी

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयर बढ़त में रहे। बीईएल का शेयर 4.56 प्रतिशत और टाइटन का 4.28 प्रतिशत चढ़ा। इंडिगो, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और अडानी पोर्ट्स में भी अच्छी खरीदारी रही।

इसके विपरीत टीसीएस का शेयर 2.70 प्रतिशत टूटकर सबसे अधिक नुकसान में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, इटरनल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।

एनएसई में कारोबार करने वाली 3,704 कंपनियों में से 2,720 के शेयर बढ़त में, 883 के गिरावट में और 101 के अपरिवर्तित रहे। वैश्विक बाजारों में एशियाई कारोबार मिला-जुला रहा। जापान का निक्केई गिरा, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोपीय बाजारों में भी शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखी गई।