Pregnant woman dies in Shahjahanpur after being allegedly operated on while intoxicated

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की ऑपरेशन के बाद मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ऑपरेशन करने वाला चिकित्सक नशे की हालत में था। पुलिस ने मामले में दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने शुक्रवार को बताया कि ककरहा गांव निवासी जूली (22) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन निजी एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे। पुवायां पहुंचने पर एंबुलेंस चालक ने उन्हें एक निजी अस्पताल में मरीज को दिखाने की सलाह दी और वहीं एंबुलेंस रोक दी।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस के अनुसार, अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. फिरोज ने शहर के चिकित्सक डॉ. केपी गुप्ता को बुलाया। प्राथमिकी में लगाए गए आरोप के मुताबिक, डॉ. केपी गुप्ता नशे की हालत में थे और इसके बावजूद उन्होंने जूली का ऑपरेशन किया।

ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जाने की सलाह दी। परिजन महिला को बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में डॉ. केपी गुप्ता और डॉ. फिरोज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।