हरदोई में जल जीवन मिशन के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलने की आशंका
Major fire at a Jal Jeevan Mission warehouse in Hardoi; goods worth lakhs feared destroyed.

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में जल जीवन मिशन का काम कर रही एनसीसी कंपनी के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छह फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम रोड स्थित एनसीसी कंपनी के गोदाम में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। शुरुआत में सदर क्षेत्र से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की भयावहता और गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों की जरूरत पड़ी। इसके बाद सदर से दो, संडीला से दो और बिलग्राम से एक अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया।

GNSU Admission Open 2026

गोदाम के आसपास प्लास्टिक का स्क्रैप जमा था, जबकि शेड के अंदर तेल से भरे कई ड्रम रखे हुए थे। इन ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग के और अधिक फैलने का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने सबसे पहले गोदाम के चारों ओर पानी डालकर शेड को ठंडा किया। इसके बाद अलग-अलग दिशाओं से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

कई घंटों तक चले इस अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोदाम में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन सर्वेयर की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह के मुताबिक, घटना में किसी की जान नहीं गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गोदामों में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।