वाराणसी में धमकी भरे ई-मेल से हड़कंप, स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाई गई
Panic in Varanasi following threatening e-mails; security at schools has been stepped up.

वाराणसी : खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से दीपावली के दौरान धमाके की धमकी मिलने के बाद वाराणसी में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खासतौर पर स्कूलों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। संदेश की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने बिना देरी किए पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी। ई-मेल में स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही अयोध्या, काशी और मथुरा का भी उल्लेख किया गया है।

GNSU Admission Open 2026

धमकी भरे संदेश में मंदिरों का जिक्र तो किया गया है, लेकिन किसी विशेष मंदिर का नाम नहीं बताया गया है। ई-मेल में आठ नवंबर से 27 नवंबर तक की अवधि का उल्लेख किया गया है। इसके बाद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।

नगर निगम अधिकारियों ने ई-मेल की जानकारी पुलिस प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। संवेदनशील स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि अयोध्या और मथुरा को लेकर भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इन संदेशों में भी स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। हालांकि, धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की मंशा का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ई-मेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।