सहकारी समिति प्रबंधक के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से 271% अधिक संपत्ति का खुलासा
Lokayukta raids premises of cooperative society manager; assets 271% in excess of known income unearthed

धार: मध्यप्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पास करीब 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति और खर्च का पता चला है। लोकायुक्त के अनुसार, यह राशि उसकी अनुमानित वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।

लोकायुक्त पुलिस को शेरसिंह ठाकुर, निवासी सोड़पुर, नालछा के विरुद्ध अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने की शिकायत और गोपनीय सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि आरोपी के लगभग 20 वर्ष के सेवाकाल के दौरान अनुमानित वेतन करीब 65 लाख रुपये रहा, जबकि उसकी संपत्ति और विभिन्न मदों में किए गए खर्च का कुल मूल्य 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये आंका गया है।

GNSU Admission Open 2026

जांच के दौरान ग्राम सोड़पुर में 0.1520 हेक्टेयर भूखंड पर बने दो मंजिला भवन की जानकारी मिली। करीब 2400 वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित इस मकान की जमीन खरीदने और निर्माण कराने पर लगभग 97 लाख रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। इसके अलावा नालछा के मांडव रोड-सोड़पुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन करीब 20 लाख रुपये में खरीदा गया।

आरोपी की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर भी संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें ग्राम सोड़पुर की 0.645 हेक्टेयर कृषि भूमि, जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है, और ग्राम मांडव की 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 42 लाख रुपये है।

लोकायुक्त के मुताबिक, आरोपी ने जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरणों की खरीद पर लगभग 53 लाख रुपये खर्च किए हैं। इसके अलावा एक अन्य कथित बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। अन्य कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व तथा कीमत का भी आकलन जारी है।

इस मामले में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में सोड़पुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। कार्रवाई में डीएसपी आनंद चौहान सहित निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।