Home बिहार पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम,...

पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, साथ उठीं दोनों की अर्थियां

215
0
20 minutes after her husband's death, the wife also died, and their bodies were raised together.

पूर्णिया: पूर्णिया जिले के श्रीनगर प्रखंड अंतर्गत गढ़िया बलुवा पंचायत में एक ऐसी हृदयविदारक और विरल घटना घटी, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। राजवाड़ा गढ़िया विष्णुपुर गांव (वार्ड-10) निवासी वयोवृद्ध वेदानंद यादव (80 वर्ष) और उनकी धर्मपत्नी मनोरमा देवी (75 वर्ष) ने महज 20 मिनट के अंतराल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जन्म-जन्म तक साथ निभाने का वादा करने वाले इस दंपती की एक साथ विदाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मृतक वेदानंद यादव गढ़िया बलुवा पंचायत के पूर्व मुखिया राम यादव के बड़े भाई थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को वयोवृद्ध वेदानंद यादव का निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की खबर घर के दूसरे हिस्से में मौजूद उनकी पत्नी मनोरमा देवी को मिली, वह बदहवास होकर अपने पति के अंतिम दर्शन करने पहुंचीं। अपने जीवनसाथी के पार्थिव शरीर को देखते ही उन्हें गहरा सदमा लगा और महज 20 मिनट के भीतर उन्होंने भी अपने प्राण त्याग दिए। इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

GNSU Admission Open 2026

ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी, जहां पति की मृत्यु के शोक में पत्नी ने तुरंत दम तोड़ दिया हो। एक साथ दो अर्थियां उठने की खबर से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस घटना को दंपती के अटूट प्रेम का प्रतीक बता रहे थे। वयोवृद्ध दंपती अपने पीछे एक पुत्र मिथिलेश कुमार यादव, दो पुत्रियों और पोते-पोतियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है और लोग इसे लंबे समय तक याद रखेंगे।