Home राष्ट्रीय हरिद्वार में लगातार बारिश से अलर्ट, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए सख्त...

हरिद्वार में लगातार बारिश से अलर्ट, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए सख्त निर्देश

17
0
Haridwar on high alert due to continuous rain, District Magistrate Mayur Dixit issued strict instructions

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार सुबह जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी बिना विलंब मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्षा के कारण सरकारी या निजी संपत्तियों को होने वाले नुकसान का तत्काल आकलन कर उसकी विस्तृत रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

GNSU Admission Open 2026


श्री दीक्षित ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी।


जिलाधिकारी ने नदी तटों के आसपास रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियात बरतने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।