अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में चोरों ने एक ग्राम पंचायत भवन को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। घटना राजगढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुराना राजगढ़ के पंचायत भवन में हुई, जहां अज्ञात चोर ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कई महत्वपूर्ण सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोर पंचायत भवन से सोलर पैनल की आठ बैटरियां, कंप्यूटर, सीपीयू, यूपीएस और प्रिंटर समेत करीब 50 एलईडी बल्ब चोरी कर ले गए। इसके अलावा दो फर्श, दो टेंट और अन्य सामान भी चोरी किए गए हैं।
चोरों ने पंचायत भवन में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ भी छेड़छाड़ की। घटना का पता चलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
ग्राम पंचायत पुराना राजगढ़ की ग्राम विकास अधिकारी अनुभा गुप्ता की ओर से मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







