A snatching suspect was arrested after a police encounter in Ghaziabad, he was shot in the leg.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लोनी थाना पुलिस और ग्रामीण जोन स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद छिनैती की घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त राम किशन ने रविवार को बताया कि स्वाट टीम और लोनी थाना पुलिस क्षेत्र में अपराधियों की तलाश के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का एक संदिग्ध व्यक्ति से सामना हुआ। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर गोली चला दी।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची भी मिली है, जिसे पुलिस जांच में अहम सुराग मान रही है।

पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिल और नकदी के संबंध में जांच कर रही है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किन छिनैती की घटनाओं में शामिल रहा है और उसके साथ इस अपराध में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच के साथ उसके अन्य संभावित साथियों की तलाश में भी जुटी है।