त्योहारों की खरीदारी से प्रयागराज में लगा जाम, कई प्रमुख सड़कें प्रभावित
Festive shopping leads to traffic congestion in Prayagraj; several major roads affected

प्रयागराज: त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ती भीड़ का असर अब शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के घरों से निकलने के कारण प्रयागराज की कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सुबह से दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ऑटो सेल चौराहा, एकलव्य चौराहा, सिटी कार्ट चौराहा, तनिष्क वाली रोड और थार्नहिल रोड पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। वहीं, बिजलीघर चौराहा, जॉनसनगंज और हीवेट रोड पर भी लंबा जाम लगा रहा। इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा।

GNSU Admission Open 2026

बाजारों में भीड़ से बढ़ा वाहनों का दबाव

त्योहारों की खरीदारी के लिए लोग परिवार के साथ निजी कारों से बाजार पहुंच रहे हैं। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। सीमित सड़क स्थान और अधिक यातायात के कारण प्रमुख चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर ई-रिक्शा की आवाजाही ने भी जाम की समस्या को और गंभीर बना दिया है।

यातायात बाधित होने की एक बड़ी वजह वाहन चालकों की ओर से नियमों की अनदेखी भी सामने आई। कुछ चालक अपनी निर्धारित लेन में चलने के बजाय आगे निकलने की कोशिश करते दिखे, जबकि कई लोग गलत दिशा से वाहन निकालते रहे। इससे दूसरी ओर से आने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बनती चली गई।

पुलिसकर्मी संभालते रहे यातायात

जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए यातायात विभाग के पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों पर तैनात रहे। जवान लगातार वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने का प्रयास करते दिखे। हालांकि, वाहनों की अधिक संख्या और चालकों की जल्दबाजी के कारण कई जगह यातायात सामान्य करने में कठिनाई हुई।

त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लोगों से अपील की गई है कि बाजार जाने के लिए जहां संभव हो, दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि जाम की समस्या कम हो सके।