त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर CM भजनलाल के सख्त निर्देश
CM Bhajanlal’s strict directives regarding security during the festive season

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने त्योहारी सीजन के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आम लोगों के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को कहा है।

जयपुर में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज जैसे त्योहारों के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही पैदल गश्त, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और प्रभावी नाकाबंदी पर जोर दिया।

GNSU Admission Open 2026

मुख्यमंत्री ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार प्रभावी बनाए रखने को कहा। उन्होंने आशंका जताई कि त्योहारों के दौरान पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाकर ड्रग माफिया सक्रिय हो सकते हैं। इसलिए तस्करों और उनके नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने साइबर टीम को 24 घंटे सक्रिय रखने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। इसके लिए पुलिस को सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद लेने और सीएलजी सदस्यों, सीएलजी यूथ तथा सुरक्षा सखियों के साथ बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को जिलों में अपराधों की नियमित समीक्षा करने तथा अपराध की प्रकृति और कारणों का आकलन कर रोकथाम की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस नेतृत्व की है और अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

त्योहारी बाजारों में यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, व्यापारियों से सुझाव लेने तथा सीसीटीवी कैमरे चालू रखने पर भी जोर दिया गया। पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने और अवैध बिक्री एवं भंडारण पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को भी तैयार रखने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।