बोकारो: झारखंड के बोकारो स्थित दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के चंद्रपुरा ताप विद्युत केंद्र में प्रबंधन और सतर्कता विभाग की ओर से आयोजित सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान रामकुमार अनुभवी ने उपहार और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
तेजस भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रामकुमार अनुभवी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ करे, तो भारत को फिर से समृद्ध राष्ट्र बनने में अधिक समय नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और समृद्धि के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिलकर ईमानदारी के साथ काम करना होगा।
उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की सत्यनिष्ठा और कार्यशैली से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखनी चाहिए। उनके अनुसार, सत्यनिष्ठा के साथ किया गया कार्य न केवल संस्थान को मजबूत बनाता है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वालों में आरोही प्रिया, सृष्टि कुमारी, जिया बोरा, पीहू कुमारी, वर्षा कुमारी, पवन कुमार, प्रदीप मंडल, अजीत कुमार चौरसिया, संजीव कुमार, मोहम्मद आदिल, गुलाम मोहिउद्दीन, कार्तिक महतो, शंकर प्रसाद गुप्ता, पार्थ गुईन और आरोभ कुमार सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।
समारोह में वरिष्ठ महाप्रबंधक राजेश कुमार, उप महाप्रबंधक नीरज सिन्हा, प्रताप सिंह, राजीव रंजन, अभिषेक घोष, अभिमन्यु कुमार सिंह, पवन कुमार, प्रफुल्ल भंडारी, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, अक्षय कुमार, रागिनी और प्रलय सेनगुप्ता सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों और अधिकारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।







