
चमोली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन गोपेश्वर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण किया और दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष, राष्ट्रसेवा, सादगी, सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण, अंत्योदय, भावनात्मक एकता तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को विशेष महत्व दिया गया।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन, उच्च विचार, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा करें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन गोपेश्वर में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के योगदान की भी सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पुलिस परिसर बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस बल के जवानों और कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में गांधी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया। जिले के विभिन्न थाना और शाखा परिसरों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।






