Home राष्ट्रीय दुर्ग के सरकारी स्कूल में कथित नशीला पदार्थ खाने से आठ छात्र...

दुर्ग के सरकारी स्कूल में कथित नशीला पदार्थ खाने से आठ छात्र बीमार, एक की हालत गंभीर

15
0
Eight students fell ill after allegedly consuming drugs at a government school in Durg, one in critical condition.

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक शासकीय विद्यालय के आठ छात्र कथित रूप से प्रतिबंधित दवा के सेवन के बाद बीमार पड़ गए। इनमें एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य छात्रों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में एक छात्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एवं विद्यालय प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार, पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने शनिवार को अपने साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों को चॉकलेट बताकर कथित तौर पर प्रतिबंधित दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ समय बाद विद्यार्थियों को चक्कर आना, बेहोशी और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं। सूचना मिलते ही परिजनों और विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया तथा सभी प्रभावित छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


प्रभावित विद्यार्थियों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढिमर, लकेश ढिमर और फनिश निषाद शामिल हैं। इनमें नैतिक रामटेके की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। चार छात्रों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि चार अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया कि बच्चों को अचानक चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

GNSU Admission Open 2026


विद्यालय की प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि “प्रतिबंधित दवा का सेवन 10वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा कराया गया था। स्कूल के शिक्षकों को इसकी जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना शासन-प्रशासन को दे दी गई है।”


इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि “स्कूलों में नशे की सप्लाई बेहद गंभीर विषय है। प्रदेश सरकार और गृह विभाग को इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि बच्चों को नशे से बचाया जा सके।” पुलिस ने आरोपी छात्र के विरुद्ध मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।