Home राष्ट्रीय ‘सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ी भीड़,...

‘सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ी भीड़, जलस्तर बढ़ने से गंगा द्वार बंद

28
0
Crowds gathered to visit Baba Vishwanath on the second Monday of Sawan; Ganga gates closed due to rising water levels.

वाराणसी: पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बाबा के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा करके स्वागत भी किया गया।


गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियातन गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। इसके चलते श्रद्धालु गंगा द्वार की ओर से मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से गंगा में छोटी और बड़ी सभी नावों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है। जल पुलिस ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती का स्थल भी परिवर्तित करना पड़ा है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई घाटों का आपसी संपर्क प्रभावित होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

GNSU Admission Open 2026


जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से संवाद किया। उन्होंने दर्शन-पूजन की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, आवागमन तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बेहतर बनाए रखी जाए तथा श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।


श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि सुबह से ही बाबा के भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।