नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर दुनिया के कई देशों ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता दिखाई। भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त Philip Green ने इस मौके पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। उच्चायुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि एक साल बाद भी पहलगाम हमले की पीड़ा बरकरार है। उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑस्ट्रेलिया हर प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा करता है। वहीं, अर्जेंटीना के राजदूत Mariano Caucino ने भी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना थी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। अर्जेंटीना की सरकार और जनता भारत के साथ खड़ी है और आतंकवाद की हर रूप में निंदा करती है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय व्यक्ति शामिल था, जिसने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की थी। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली थी। हमले के जवाब में भारत ने 7 और 8 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, जिसके तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई को भारत की सख्त आतंकवाद विरोधी नीति का प्रतीक माना गया। पहलगाम हमले की पहली बरसी पर वैश्विक स्तर पर व्यक्त हो रही संवेदनाएं इस बात का संकेत हैं कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय समुदाय भारत के साथ खड़ा है।







