CGHS में 48 नई स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल
48 new healthcare facilities included in CGHS

नयी दिल्ली। केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) ने दिल्ली-एनसीआर में अपने लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया है। योजना के तहत 48 नई स्वास्थ्य सुविधाओं को पैनल में शामिल किया गया है। इनमें 17 मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, 27 विशेष डेंटल सेंटर और चार विशेष आई सेंटर शामिल हैं।

CGHS के अनुसार, इन स्वास्थ्य संस्थानों का एम्पैनलमेंट जारी होने की तारीख से तीन वर्ष तक प्रभावी रहेगा। पैनल में शामिल सभी संस्थान 22 दिसंबर, 2025 को जारी CGHS कार्यालय ज्ञापन में निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।

GNSU Admission Open 2026

जारी जानकारी के मुताबिक, नए एम्पैनलमेंट में दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं।

17 मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों की सूची में सोनीपत के संजोग अस्पताल और एसएमटी जय देवी मेमोरियल नर्सिंग होम, रोहतक का प्रगति अस्पताल, सोनीपत का सिग्नस जेके हिंदू अस्पताल तथा दिल्ली के नियोनेस्ट अस्पताल और न्यूलाइफ अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों के अस्पतालों को भी पैनल में जगह दी गई है।

CGHS ने दंत चिकित्सा सेवाओं के लिए 27 विशेष डेंटल सेंटरों को भी सूची में शामिल किया है। इनमें दिल्ली के विभिन्न इलाकों के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत की सुविधाएं शामिल हैं। इनमें गुरुग्राम का द डेंटल एक्सपर्ट, सोनीपत का परवीन डेंटल क्लिनिक, कुंडली-सोनीपत का मारुतिनंदन डेंटल क्लिनिक, फरीदाबाद का यूनिक डेंटल क्लिनिक और गुरुग्राम का डेंटल ट्रेंड्ज़ प्रमुख हैं।

इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में चार विशेष आई सेंटरों को भी तीन वर्ष के लिए CGHS पैनल में शामिल किया गया है। इस विस्तार से CGHS लाभार्थियों को अस्पताल, दंत चिकित्सा और नेत्र उपचार के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।