वेलिंग्टन: न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रॉन्ची इस साल भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद अपना पद छोड़ देंगे। उन्होंने बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के मुख्य कोच का पद स्वीकार कर लिया है। रॉन्ची जिन्होंने 2020 में पीटर फुल्टन की जगह लेने के बाद न्यूजीलैंड के पूर्णकालिक बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम किया है, ऑस्ट्रेलिया में अपनी नई ज़िम्मेदारी संभालने से पहले भारत सीरीज तक राष्ट्रीय टीम के साथ बने रहेंगे। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके रॉन्ची राष्ट्रीय टीम के बेहद सफल दौर में कोचिंग टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान टीम ने 2021 में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीती, 2021 और 2026 में आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में जगह बनाई और 2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया। उन्होंने न्यूज़ीलैंड की भारत में ऐतिहासिक 3-0 टेस्ट सीरीज़ जीत और क्रमशः 2024 और 2026 में वनडे सीरीज जीत के साथ-साथ हाल ही में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत में भी अहम भूमिका निभाई।
न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टॉम लेथम ने रॉन्ची के योगदान की सराहना करते हुए टीम के कल्चर और बैटिंग ग्रुप के विकास पर उनके असर को रेखांकित करते हुए कहा, “वह इस ग्रुप के बहुत अहम सदस्य रहे हैं – चाहे वह खिलाड़ी के तौर पर हों या कोचिंग की भूमिका में आने के बाद – इसलिए रोंची जैसे व्यक्ति का जाना निराशाजनक है। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो इस ग्रुप के माहौल और कल्चर को समझते हैं और उसे आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आप ज़्यादातर खिलाड़ियों से बात करेंगे, तो वे इस बात से सहमत होंगे कि उनकी देखरेख में हर खिलाड़ी का खेल बेहतर हुआ है। उन्होंने हमेशा टीम के लिए बहुत मेहनत की है और उनकी यह मेहनत मैदान पर भी दिखती है। हम उन्हें याद करेंगे, लेकिन हम उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी देते हैं।”
रॉन्ची ने कहा कि न्यूज़ीलैंड टीम को कोचिंग देना उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि रही है। उन्होंने कहा, “नेशनल टीम के साथ दोबारा जुड़ना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। मैं अपने साथी कोचों और खिलाड़ियों का बहुत आभारी हूं कि मुझे इतने सालों तक उनके साथ काम करने का मौका मिला। मेरा हमेशा से यही लक्ष्य रहा है कि मैं इस टीम और बल्लेबाज़ों को बेहतरीन प्रदर्शन करने में मदद करूँ। पीछे मुड़कर देखता हूँ तो कई यादगार पल याद आते हैं, जिनका हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है। मैं टीम के प्रदर्शन पर नज़र रखूंगा और भविष्य के लिए सभी को शुभकामनाएं देता हूं।” न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा है कि वह सही समय पर रॉन्ची की जगह लेने वाले व्यक्ति के नाम की घोषणा करेगा।







