Home राष्ट्रीय अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन का भव्य...

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन का भव्य लोकार्पण

23
0
Grand inauguration of Vidisha Railway Station developed under Amrit Bharat Station Scheme

विदिशा: केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत करीब 29.46 करोड़ रुपये की लागत से विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण आज किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम से जुड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी समारोह में उपस्थित रहेंगे।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार लगभग दो वर्षों में तैयार इस परियोजना के तहत स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, 150 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा अत्याधुनिक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), प्लेटफॉर्मों का उन्नयन, पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन का नया स्वरूप वर्तमान आवश्यकताओं के साथ अगले 40 से 50 वर्षों की संभावित यात्री जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रतिदिन लगभग 13 हजार यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

GNSU Admission Open 2026


परियोजना के तहत स्टेशन के दूसरे हिस्से में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में नया स्टेशन भवन तथा 4,855 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग विकसित की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़े मुख्य फुट ओवर ब्रिज के अलावा छह मीटर चौड़ा एक अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज भी बनाया गया है, जिससे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। स्टेशन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथवे, व्हीलचेयर अनुकूल मार्ग और स्टेप-फ्री प्रवेश जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।


रेलवे के अनुसार आधुनिक स्टेशन बनने से विदिशा के साथ सांची स्तूप, उदयगिरि गुफाओं और अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में स्टेशन के विशाल फुट ओवर ब्रिज का व्यावसायिक उपयोग भी किया जाएगा, जिससे रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।