Home अंतरराष्ट्रीय बच्चों की सुरक्षा मामले में मेटा पर 56.7 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त...

बच्चों की सुरक्षा मामले में मेटा पर 56.7 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना लगा

7
0
Meta fined an additional $567 million in child safety case

न्यू मैक्सिको: अमेरिका के न्यू मैक्सिको की स्थानीय अदालत ने बच्चों को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े खतरों के बारे में जानकारी न देने के मामले में मेटा पर 56.7 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना लगाया है। बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में कंपनी के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा फैसला है। इसके साथ ही इस मामले में मेटा पर कुल जुर्माना बढ़कर 94.2 करोड़ डॉलर हो गया है।


न्यायाधीश ब्रायन बीडशीड ने मेटा को ‘सार्वजनिक नुकसान पहुंचाने वाली कंपनी’ बताया और कहा कि कंपनी के प्लेटफॉर्म बच्चों को हानिकारक सामग्री एवं यौन शिकारियों के संपर्क में ला रहे हैं, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। अदालत ने मेटा को बच्चों की सुरक्षा और उनके इलाज के लिए एक बड़ा कोष बनाने का आदेश दिया है। इस राशि का एक बड़ा हिस्सा बच्चों के स्वास्थ्य कार्यक्रमों और शिक्षकों के प्रशिक्षण पर खर्च किया जाएगा।

फैसले के तहत मेटा को 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कई सख्त नियम लागू करने होंगे। इसमें ‘लाइक’ की गिनती बंद करना, रात और स्कूल के समय में नोटिफिकेशन रोकना शामिल है। इसके अलावा, बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर महीने में अधिकतम 90 घंटे यानी करीब तीन घंटे प्रतिदिन की समय सीमा तय की गई है। वयस्कों द्वारा बच्चों को संदेश भेजने पर भी रोक लगाने को कहा गया है।

GNSU Admission Open 2026


मेटा के प्रवक्ता ने इस फैसले का विरोध करते हुए इसके खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि वह ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। वर्तमान में अमेरिका में मेटा के खिलाफ ऐसे हजारों मामले चल रहे हैं। इसके अलावा, अगले सप्ताह कैलिफोर्निया में बच्चों की गोपनीयता के हनन को लेकर कंपनी पर एक और बड़ा मामला शुरू होने वाला है।