मास्को: रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बातचीत को लेकर अपना रुख एक बार फिर स्पष्ट किया है। क्रेमलिन ने कहा है कि यदि जेलेंस्की बातचीत के लिए तैयार हैं, तो रूस मॉस्को में उनकी मेजबानी करने को तैयार है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने ‘इजवेस्टिया’ अखबार से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से जेलेंस्की को मॉस्को आने का प्रस्ताव अभी भी कायम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मॉस्को में संभावित बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर पेस्कोव ने कहा, “हां, कुछ भी नहीं बदला है।”
हालांकि, क्रेमलिन प्रवक्ता ने यह भी संकेत दिया कि दोनों देशों के नेताओं के बीच शिखर वार्ता आयोजित करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुछ समझौतों को अंतिम रूप देना आवश्यक है, लेकिन उन समझौतों को तैयार करने के लिए पहले बेहद जटिल और लंबी बातचीत करनी होगी।
रूस का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर लगातार चर्चा हो रही है। मॉस्को का कहना है कि शीर्ष स्तर की बैठक से पहले बातचीत के जरिए जरूरी मुद्दों पर सहमति बनाना महत्वपूर्ण होगा।







