पटना। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग रही एक संदिग्ध कार ने कई ग्रामीणों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके में प्रस्तावित वीआईपी दौरे को लेकर बिहटा पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगी। भागने के क्रम में चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख वाहन में सवार आरोपी मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने जब्त वाहन की तलाशी ली, जिसमें से दो पिस्टल, 15 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए गए। इस बरामदगी के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







