सियोल: भारत को दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप 2026 के दूसरे दौर के क्वालिफायर मुकाबले में 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि दक्षिण कोरिया ने ‘फाइनल 8’ में जगह पक्की कर ली। भारत अब 2027 डेविस कप क्वालिफायर के पहले दौर में खेलेगा।
मुकाबले में भारत ने युगल मैच जीतकर वापसी की उम्मीद जगाई थी। एन श्रीराम बालाजी और दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी ने नाम जी-सुंग और पार्क उई-सुंग को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया। इसके बाद भारत को मुकाबले में बने रहने के लिए सुमित नागल से जीत की जरूरत थी।
हालांकि, दक्षिण कोरिया के क्वोन सून-वू ने सुमित नागल को 6-1, 6-2 से हराकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। इससे पहले शुरुआती एकल मुकाबलों में दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल की हार के बाद भारत 0-2 से पीछे था।
युगल मुकाबले में बालाजी और सुरेश ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। दक्षिण कोरियाई जोड़ी ने दूसरे सेट में 6-3 से वापसी की, लेकिन निर्णायक सेट में भारतीय जोड़ी ने महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल कर 6-3 से सेट और मैच जीत लिया।
इसके बाद क्वोन सून-वू ने सुमित नागल के खिलाफ दोनों सेट में दबदबा बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम कर दक्षिण कोरिया को ‘फाइनल 8’ में पहुंचा दिया।







