
वेलिंग्टन: न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान चोटिल हो गए हैं। कैच पकड़ने के प्रयास में डाइव लगाते समय उनका कंधा डिसलोकेट हो गया। इस चोट के कारण भारत के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में उनके खेलने को लेकर संशय पैदा हो गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के मुताबिक, रचिन की शुरुआती जांच में कंधे में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, उनकी वापसी कब होगी, इसका फैसला रिहैबिलिटेशन के शुरुआती हफ्तों में उपचार की प्रगति को देखकर किया जाएगा।
शूट के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में रचिन सेफ्टी मैट पर असहज तरीके से गिरे थे। NZC ने बताया कि सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था।
भारत का न्यूजीलैंड दौरा टी-20 सीरीज से शुरू होना है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रचिन इस सीरीज में उपलब्ध रहेंगे या नहीं। न्यूजीलैंड के प्रदर्शन प्रबंधक माइक सैंडल और मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने भी कहा है कि रचिन को पूरी तरह फिट होने से पहले मैदान पर वापस लाने में जल्दबाजी नहीं की जाएगी।






